यूपीः दरोगा भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी के 18 मास्टरमाइंड ने मिलकर किया ये कारनामा…
लखनऊ: उत्तर प्रदेश दरोगा भर्ती परीक्षा में 18 ऐसे अभ्यर्थी पकड़े गए हैं, जिन्होंने गलत तरीके से ऑनलाइन लिखित परीक्षा पास की है। रिकॉर्ड की जांच की गई तो इन अभ्यर्थियों ने शुरुआती एक घंटे में एक भी सवाल का जवाब नहीं दर्ज किया था। इसके बाद महज तीन से चार मिनट में धड़ाधड़ 40-50 सवालों के जवाब दे डाले। यह क्रम पूरी परीक्षा के दौरान करीब तीन से चार बार चला।
गलत तरीके से परीक्षा पास करने वाले 18 अभ्यर्थियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड की अधिकारी ने महानगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। अधिकारी के मुताबिक अभी यह संख्या और बढ़ेगी। भर्ती में हुई जालसाजी को सामने लाने के लिए कैंडिडेट रिस्पॉन्स लॉग की गहनता से पड़ताल की गई। पुलिस भर्ती बोर्ड के अधिकारियों के मुताबिक इस तरह के फर्जीवाड़े आगरा व मेरठ के परीक्षा केंद्रों पर मिले हैं। इन परीक्षा केंद्रों का इतिहास खंगाला जा रहा है। जल्द ही इन केंद्राें के संचालक व ड्यूटी पर तैनात जिम्मेदारों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
उत्तर प्रदेश पुलिस दरोगा भर्ती के लिए ऑनलाइन परीक्षा 12 नवंबर 2021 से दो दिसंबर 2021 तक हुई थी। इसमें 36170 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है। इनके शैक्षिक व अन्य दस्तावेजों का परीक्षण व शारीरिक परीक्षा का आयोजन जिला मुख्यालय पर किया जा रहा है। लखनऊ में 300 अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच और फिजिकल स्टैंडर्ड की परीक्षा हो रही है। इसमें अब तक 18 अभ्यर्थी गलत तरीके से ऑनलाइन परीक्षा पास करने के आरोपी पाए गए हैं। भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड में तैनात अपर पुलिस अधीक्षक रश्मि रानी की तहरीर पर महानगर थाने में दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इनमें सभी नामजद 18 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। ऑनलाइन परीक्षा में अभ्यर्थियों को दो घंटे में 160 सवाल हल करने थे। फर्जीवाड़ा कर पास हुए अभ्यर्थियों ने 150 से ज्यादा सवाल सही हल किए थे।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक गलत तरीके से परीक्षा पास करने वाले अभ्यर्थियों की संख्या सबसे अधिक आगरा व मेरठ के दो परीक्षा केंद्रों पर रही। इसमें आगरा का कृष्णा इंफोटेक सेंटर व मेरठ का राधेश्याम विद्यापीठ शामिल है। अब तक पकड़े गए 18 आरोपी परीक्षार्थी इन्हीं दो सेंटर के हैं। भर्ती बोर्ड के अधिकारी के मुताबिक इन परीक्षा केंद्रों के बारे में पूरी जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं परीक्षा के समय किन कर्मचारियों की ड्यूटी थी, इसकी जानकारी जुटाने के बाद परीक्षा केंद्रों के संचालक व अन्य जिम्मेदारों पर भी मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
Bhartiyavani.com ( भारतीय वाणी ) एक राष्ट्रीय हिन्दी न्यूज़ वेबसाइट है। यह 2019 में स्थापित हुई और इस न्यूज़ वेबसाइट के माध्यम से हम सभी ताजा खबरें और समाज से जुड़े सभी पहलुओं को आपके सामने प्रस्तुत करने का प्रयत्न करते है।
हमारी वेबसाइट एक रजिस्टर्ड वेबसाइट है जो कि भारत सरकार द्वारा MSME (ministry of micro small and medium enterprises) से सर्टिफाइड है।
लगभग 1 करोड़ से अधिक व्यूज के साथ लगभग २० लाख से अधिक दर्शक हमारे साथ जुड़ चुके है
अपने किसी भी सुझाव के लिए आप हमारी ईमेल आईड bhartiyawani@gmail.com पर संपर्क कर सकते है या फिर हमारे व्हाट्सअप नंबर 8979456781 पर संपर्क कर सकते है

















































Write a Review