सुभारती विश्वविद्यालय का 11वां दीक्षांत समारोह, 2500 से ज्यादा छात्रों को मिली डिग्रियां
सुभारती विश्वविद्यालय का 11वां दीक्षांत समारोह, 2500 से ज्यादा छात्रों को मिली डिग्रियां
मेरठ स्थित स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय में रविवार को 11वें दीक्षांत समारोह का भव्य आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के मांगल्य प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में 2500 से अधिक विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं। समारोह में गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत मुख्य अतिथि रहे, जबकि नाइजीरिया के केब्बी प्रांत के उपराज्यपाल सीनेटर उमर अबुबकर तफीदान कब्बी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में देश-विदेश से कई शिक्षाविद, प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

दीप प्रज्वलन से शुरुआत, शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि
दीक्षांत समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन और कुम्भ जलाभिषेक के साथ हुई। मुख्य अतिथि ने विश्वविद्यालय परिसर में स्थित आईएनए शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि भी दी। इसके बाद समारोह स्थल पर उत्तर प्रदेश पुलिस के जवानों ने सम्मान गारद पेश किया। अतिथियों ने विश्वविद्यालय की विभिन्न उपलब्धियों और विद्यार्थियों द्वारा लगाए गए स्टॉल भी देखे। इनमें राष्ट्रबोध, स्टार्टअप, पर्यावरण समिति और वैलनेस सेंटर प्रमुख आकर्षण रहे।
यह भी पढ़िए - क्या इजराइल में सत्ता बदलने वाली है , पढ़िए एक खास रिपोर्ट
डिग्री जिम्मेदारी का प्रतीक: आचार्य देवव्रत
अपने संबोधन में आचार्य देवव्रत ने कहा कि दीक्षांत समारोह शिक्षा का अंत नहीं, बल्कि नई जिम्मेदारियों की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि डिग्री केवल कागज का प्रमाणपत्र नहीं, बल्कि जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश देती है। विद्यार्थियों को अपने ज्ञान का उपयोग समाज और जरूरतमंद लोगों के हित में करना चाहिए।
उन्होंने माता-पिता और गुरुओं के सम्मान पर भी जोर दिया। कहा कि जिन अभिभावकों ने त्याग करके बच्चों को पढ़ाया, उनका सम्मान जीवनभर करना चाहिए। साथ ही शिक्षकों के योगदान को कभी नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने भारतीय संस्कृति में परिवार व्यवस्था को मजबूत रखने की अपील की और बढ़ते वृद्धाश्रमों पर चिंता जताई।
नाइजीरिया के अतिथि ने युवाओं को दिया बड़ा संदेश
विशिष्ट अतिथि सीनेटर उमर अबुबकर तफीदान कब्बी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी में अपार क्षमता है। यदि सही दिशा और दृढ़ संकल्प मिले तो युवा देश और दुनिया बदल सकते हैं। उन्होंने कहा कि आज के समय में तकनीक, नवाचार और अंतरराष्ट्रीय सहयोग का महत्व तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में युवाओं को केवल नौकरी तक सीमित न रहकर समाज निर्माण में भी योगदान देना चाहिए।
2481 उपाधियां, 115 पीएचडी डिग्रियां वितरित
कुलपति प्रो. प्रमोद कुमार शर्मा ने विश्वविद्यालय की वार्षिक उपलब्धियां प्रस्तुत करते हुए बताया कि इस बार कुल 2481 उपाधियां प्रदान की गईं, जिनमें 115 पीएचडी डिग्रियां शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्न विषयों में सर्वाधिक अंक पाने वाले 45 स्नातक छात्रों को स्वर्ण पदक और 23 स्नातकोत्तर टॉपर्स को उत्कृष्टता प्रमाण पत्र दिए गए।
विश्वविद्यालय की सर्वश्रेष्ठ छात्रा के लिए आस्था गुप्ता और सर्वश्रेष्ठ छात्र के लिए डॉ. ईबेन एस जॉन को विशेष मेडल से सम्मानित किया गया। एमबीबीएस और डेंटल पाठ्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को भी गोल्ड मेडल दिए गए।
डिजीलॉकर में अपलोड हुईं सभी डिग्रियां
समारोह की खास बात यह रही कि विद्यार्थियों की सभी डिग्रियां भारत सरकार के डिजीलॉकर प्लेटफॉर्म पर भी अपलोड की गईं। इससे छात्र अपनी डिग्रियां डिजिटल रूप में हमेशा सुरक्षित रख सकेंगे और कहीं भी आसानी से इस्तेमाल कर सकेंगे।
अंतरराष्ट्रीय पहचान बढ़ा रहा विश्वविद्यालय
कुलाधिपति डॉ. स्तुति कक्कड़ ने कहा कि सुभारती विश्वविद्यालय लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। कई देशों के प्रतिनिधिमंडलों के साथ शैक्षणिक सहयोग बढ़ा है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियां निभाते हुए जीवन में उत्कृष्ट कार्य करें। समारोह के अंत में प्रति कुलपति डॉ. मुनीश सी रेड्डी ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार जताया।
Bhartiyavani.com ( भारतीय वाणी ) एक राष्ट्रीय हिन्दी न्यूज़ वेबसाइट है। यह 2019 में स्थापित हुई और इस न्यूज़ वेबसाइट के माध्यम से हम सभी ताजा खबरें और समाज से जुड़े सभी पहलुओं को आपके सामने प्रस्तुत करने का प्रयत्न करते है।
हमारी वेबसाइट एक रजिस्टर्ड वेबसाइट है जो कि भारत सरकार द्वारा MSME (ministry of micro small and medium enterprises) से सर्टिफाइड है।
लगभग 1 करोड़ से अधिक व्यूज के साथ लगभग २० लाख से अधिक दर्शक हमारे साथ जुड़ चुके है
अपने किसी भी सुझाव के लिए आप हमारी ईमेल आईड bhartiyawani@gmail.com पर संपर्क कर सकते है या फिर हमारे व्हाट्सअप नंबर 8979456781 पर संपर्क कर सकते है


















































Write a Review