Murder: जल निगम के अधि. अभियंता की पीट-पीटकर हत्या
- सहयोगियों पर शक, ड्राइवर हिरासत में
सुल्तानपुर। जल निगम ग्रामीण के अधिशासी अभियंता की शनिवार सुबह उनके आवास पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात में जल निगम के सहायक अभियंता और उसके सहयोगी का नाम सामने आ रहा है। इन दोनों की गिरफ्तारी के लिए एसपी ने चार टीमें गठित कर दी हैं। पुलिस एक्सईएन के ड्राइवर को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस हत्या की वजह पता करने का प्रयास कर रही है।
जानकारी के मुताबिक जल निगम ग्रामीण के एक्सईएन संतोष कुमार (52) विनोबापुरी मोहल्ले में किराए के मकान में अकेले रहते थे। वह फरवरी 2023 से यहां तैनात थे। शनिवार सुबह 9.15 बजे संतोष को मरणासन्न हालत में मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक्सईएन संतोष कुमार मूलरूप से बलिया के रहने वाले थे। एक्सईएन का प्रयागराज में भी मकान है, जहां उनका परिवार रहता है। पुलिस अफसरों ने संतोष की मौत की सूचना उनके घरवालों को दे दी है।
पुलिस के मुताबिक जल निगम में तैनात सहायक अभियंता अपने एक साथी के साथ सुबह करीब 8.15 बजे एक्सईएन के आवास पर पहुंचा था। दोनों ने एक्सईएन के ड्राइवर संदीप को दही जलेबी लाने के लिए भेज दिया था। कुछ देर बाद जब ड्राइवर कमरे पर लौटा तो देखा कि एक्सईएन के मुंह पर टेप चिपका हुआ था और दोनों लोग उन्हें पीट रहे थे। ड्राइवर के शोर मचाने पर दोनों हमलावर वहां से भाग निकले। इसी बीच वहीं पास में रहने वाले जल निगम के कर्मचारी केदारनाथ को मारपीट की सूचना मिली तो वह अपने साथियों के साथ एक्सईएन के आवास पहुंच गए।
उन्होंने एक्सईएन को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस को ड्राइवर पर भी शक है इसलिए उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। ये घटनाक्रम उसी ने पुलिस से साझा किया है। हत्या में शामिल अधिकारी और उसके साथी की धरपकड़ के लिए एसपी सोमेन बर्मा ने चार टीमें लगा दी हैं।
जांच करने पहुंचे डीएम-एसपी
एक्सईएन की हत्या की सूचना मिलते ही सुबह 9.30 बजे एसपी सोमेन बर्मा जांच करने उनके आवास पर पहुंचे। कुछ ही देर में डीएम कृत्तिका ज्योत्स्ना भी वहां आ गईं। फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलित कराए गए। डीएम कुछ देर बाद वहां से चली गईं लेकिन एसपी करीब दो घंटे तक जांच पड़ताल करते रहे।
Bhartiyavani.com ( भारतीय वाणी ) एक राष्ट्रीय हिन्दी न्यूज़ वेबसाइट है। यह 2019 में स्थापित हुई और इस न्यूज़ वेबसाइट के माध्यम से हम सभी ताजा खबरें और समाज से जुड़े सभी पहलुओं को आपके सामने प्रस्तुत करने का प्रयत्न करते है।
हमारी वेबसाइट एक रजिस्टर्ड वेबसाइट है जो कि भारत सरकार द्वारा MSME (ministry of micro small and medium enterprises) से सर्टिफाइड है।
लगभग 1 करोड़ से अधिक व्यूज के साथ लगभग २० लाख से अधिक दर्शक हमारे साथ जुड़ चुके है
अपने किसी भी सुझाव के लिए आप हमारी ईमेल आईड bhartiyawani@gmail.com पर संपर्क कर सकते है या फिर हमारे व्हाट्सअप नंबर 8979456781 पर संपर्क कर सकते है


















































Write a Review