हरिद्वार में कांग्रेस विधायक का सख्त एक्शन, अधिकारियों के आवास की कटवाई बिजली
हरिद्वार। झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से जारी अघोषित बिजली कटौती को लेकर आखिरकार जनप्रतिनिधि का गुस्सा फूट पड़ा। सुबह-सुबह की जा रही अनियमित बिजली कटौती से आमजन का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा था। शिकायतों के बावजूद जब बिजली विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो झबरेड़ा से कांग्रेस विधायक वीरेंद्र जाती खुद मैदान में उतर आए।

क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती से लोग परेशान थे। खासतौर पर सुबह के समय बिजली गुल रहने से घरेलू कामकाज, बच्चों की पढ़ाई और किसानों की दिनचर्या पर बुरा असर पड़ रहा था। स्थानीय लोगों ने कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन समस्या जस की तस बनी रही।
विधायक वीरेंद्र जाती ने पहले ही बिजली विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी थी कि यदि अघोषित बिजली कटौती पर तत्काल रोक नहीं लगाई गई, तो वह सख्त कदम उठाने को मजबूर होंगे। लेकिन विभागीय अधिकारियों ने इस चेतावनी को गंभीरता से नहीं लिया।
मंगलवार सुबह विधायक वीरेंद्र जाती अपने समर्थकों के साथ बिजली विभाग के अधिकारियों के आवासों पर पहुंचे और वहां की बिजली आपूर्ति कटवा दी। इस दौरान विधायक ने साफ कहा कि जब आम जनता को बिना सूचना के अंधेरे में रखा जा रहा है, तो लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को भी उसी स्थिति का सामना करना चाहिए।
विधायक ने आरोप लगाया कि बिना किसी पूर्व सूचना के की जा रही बिजली कटौती सीधे तौर पर जनता के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते वह अपने क्षेत्र के लोगों की समस्या को किसी भी हाल में नजरअंदाज नहीं कर सकते।
इस अचानक हुई कार्रवाई से बिजली विभाग में हड़कंप मच गया। अधिकारी तुरंत हरकत में आए और हालात संभालने में जुट गए। वहीं, झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बन गया।
स्थानीय लोगों ने विधायक के इस कदम का खुलकर समर्थन किया। लोगों का कहना है कि पहली बार किसी जनप्रतिनिधि ने उनकी परेशानी को इतनी मजबूती और साहस के साथ उठाया है।
फिलहाल विधायक वीरेंद्र जाती का यह सख्त एक्शन क्षेत्र की राजनीति और प्रशासनिक हलकों में बड़ा मुद्दा बना हुआ है।
अब देखना होगा कि इस कार्रवाई के बाद बिजली विभाग अघोषित कटौती पर रोक लगाता है या नहीं। जनता की निगाहें अब विभाग और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
Bhartiyavani.com ( भारतीय वाणी ) एक राष्ट्रीय हिन्दी न्यूज़ वेबसाइट है। यह 2019 में स्थापित हुई और इस न्यूज़ वेबसाइट के माध्यम से हम सभी ताजा खबरें और समाज से जुड़े सभी पहलुओं को आपके सामने प्रस्तुत करने का प्रयत्न करते है।
हमारी वेबसाइट एक रजिस्टर्ड वेबसाइट है जो कि भारत सरकार द्वारा MSME (ministry of micro small and medium enterprises) से सर्टिफाइड है।
लगभग 1 करोड़ से अधिक व्यूज के साथ लगभग २० लाख से अधिक दर्शक हमारे साथ जुड़ चुके है
अपने किसी भी सुझाव के लिए आप हमारी ईमेल आईड bhartiyawani@gmail.com पर संपर्क कर सकते है या फिर हमारे व्हाट्सअप नंबर 8979456781 पर संपर्क कर सकते है


















































Write a Review