मुख्यमंत्री योगी ने किया मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय का निरीक्षण, मई 2026 तक निर्माण पूरा करने के निर्देश
मेरठ | भारतीय वाणी
मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय के निर्माण कार्यों का मुख्यमंत्री योगी ने किया निरीक्षण
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ के सरधना क्षेत्र में निर्माणाधीन मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी ने विश्वविद्यालय के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यों में तेजी लाते हुए प्रथम और द्वितीय चरण का निर्माण 31 मई 2026 तक हर हाल में पूरा किया जाए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री योगी ने मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय के परिधान, प्रतीक चिन्ह (लोगो) और फ्लैग का भी शुभारंभ किया। इसके बाद आयोजित समीक्षा बैठक में विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा अब तक की प्रगति, शैक्षणिक ढांचा, प्रस्तावित डिग्री और पाठ्यक्रम, बजट, बीते आठ महीनों की उपलब्धियां और भर्ती प्रक्रिया की जानकारी प्रस्तुत की गई।
मई 2026 तक निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रदेश की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि दोनों चरणों के सभी भवन, खेल सुविधाएं और आधारभूत ढांचे का निर्माण तय समयसीमा में पूरा किया जाए, ताकि विश्वविद्यालय का लोकार्पण शीघ्र किया जा सके। साथ ही उन्होंने पाठ्यक्रमों को आधुनिक जरूरतों के अनुसार तैयार करने और अन्य विश्वविद्यालयों से समन्वय बनाने पर भी जोर दिया।
वर्ल्ड क्लास स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के नाम पर बन रहा यह विश्वविद्यालय प्रदेश और देश के लिए गौरव का विषय है। सरकार का उद्देश्य है कि यह विश्वविद्यालय वर्ल्ड क्लास स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के रूप में विकसित हो और खेल के क्षेत्र में नेतृत्व प्रदान करे। उन्होंने निर्देश दिए कि विश्वविद्यालय में अनुभवी और योग्य फैकल्टी की नियुक्ति की जाए तथा पूर्व खिलाड़ियों को कोच के रूप में जोड़ा जाए, जिससे नई खेल संस्कृति को बढ़ावा मिले।
खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में सरकार के प्रयास
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार खेल और खेल संस्कृति को लगातार प्रोत्साहित कर रही हैं। गांव, ब्लॉक और जनपद स्तर पर स्टेडियम, विधायक खेलकूद प्रतियोगिताएं और ग्रामीण खेल लीग जैसी योजनाओं से प्रदेश में खेलों को नई ऊंचाई मिली है। उन्होंने बताया कि सरकार हर कमिश्नरी में एक स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित करने की दिशा में भी प्रयास कर रही है।
नए सत्र से अपने कैंपस में संचालित होगा विश्वविद्यालय
मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि विश्वविद्यालय का शैक्षणिक सत्र अगस्त 2025 से प्रारंभ हो चुका है और फिलहाल कक्षाएं सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय में संचालित की जा रही हैं। नए सत्र से विश्वविद्यालय अपने स्वयं के कैंपस में संचालित होगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह विश्वविद्यालय खेल और खेल शिक्षा के क्षेत्र में नया मानक स्थापित करेगा और प्रदेश के युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर देगा।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और विश्वविद्यालय प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।
Bhartiyavani.com ( भारतीय वाणी ) एक राष्ट्रीय हिन्दी न्यूज़ वेबसाइट है। यह 2019 में स्थापित हुई और इस न्यूज़ वेबसाइट के माध्यम से हम सभी ताजा खबरें और समाज से जुड़े सभी पहलुओं को आपके सामने प्रस्तुत करने का प्रयत्न करते है।
हमारी वेबसाइट एक रजिस्टर्ड वेबसाइट है जो कि भारत सरकार द्वारा MSME (ministry of micro small and medium enterprises) से सर्टिफाइड है।
लगभग 1 करोड़ से अधिक व्यूज के साथ लगभग २० लाख से अधिक दर्शक हमारे साथ जुड़ चुके है
अपने किसी भी सुझाव के लिए आप हमारी ईमेल आईड bhartiyawani@gmail.com पर संपर्क कर सकते है या फिर हमारे व्हाट्सअप नंबर 8979456781 पर संपर्क कर सकते है

















































Write a Review